पत्नी ने पति को तलाक देने से किया इंकार, पति ने की हत्या करने का प्रयास

छग

Update: 2023-08-12 15:42 GMT
भिलाई। विवाद के चलते अलग रहने के बाद भी तलाक न देने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपित शुक्रवार की सुबह पत्नी के घर पर पहुंचा था और उसके बाहर निकलते ही उसके पेट, पीठ व चेहरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपित पति फरार है। वहीं पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता रेणु उर्फ कंवलजीत (35) ने आठ वर्ष पहले आरोपित प्रदीप साहू निवासी ग्राम उरला थाना माकड़ी जिला कोंडागांव से विवाह किया था। पीड़िता के तीन बच्चे भी हैं। पति से विवाद के चलते वह दो वर्ष से अपने तीनों बच्चों को लेकर पति से अलग दुर्ग के सुभाष नगर कसारीडीह में रह रही है। वह दुर्ग के एक निजी स्कूल में पढ़ाने जाती थी।
पीड़िता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पद्मनाभपुर पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। छावनी थाना क्षेत्र के सोनिया गांधी नगर केनाल रोड में भी शुक्रवार की रात को चाकूबाजी की घटना हुई। सोनिया गांधी नगर केनाल रोड निवासी पीड़ित प्रकाश कुमार निषाद (24) शुक्रवार की रात को घर के पास अपने दोस्त नागेश्वर साहू व विशाल गुप्ता के साथ बैठकर बात कर रहा था। तभी स्वीपर मोहल्ले के पास रहने वाला आरोपित राजकुमार उर्फ राजू वहां पहुंचा। आरोपित राजकुमार उर्फ राजू का पीड़ित के दोस्त नागेश्वर साहू से 20 दिन पहले विवाद हुआ था। उसी को लेकर आरोपित ने नागेश्वर साहू से गाली गलौज शुरू कर दिया। पीड़ित ने आरोपित से कहा कि वह उसके घर के पास गाली गलौज न करे। इस बात से नाराज होकर आरोपित ने अपने पास से चाकू निकालकर पीड़ित प्रकाश कुमार निषाद के पेट में घोंप दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित को रात में ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद छावनी पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
Tags:    

Similar News