बिलासपुर। पति की मौत के बाद ससुराल वालों ने विधवा बहू को घर से निकालने के लिए मारपीट की। महिला ने ससुर पर अपने पति के बीमा की रकम हड़पने का भी आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
तोरवा लालखदान में रहने वानी प्रियंका मिश्रा(25) के पति की डेढ़ साल पहले मौत हो गई। पति की मौत के बाद महिला अपने ससुराल में ही रह रही है। महिला ने बताया कि उसके पति ने बीमा करवाया था। इसमें उन्होंने अपने पिता को नामिनी रखा था। इसके कारण उन्हें बीमा की रकम मिल गई है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 अप्रैल की शाम उसकी सास गीता मिश्रा, ननद अनिता मिश्रा और किराएदार सुखनंदन उनके साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इसका विरोध करने पर उन्होंने महिला को घर से निकल जाने को कहा। मना करने पर ससुराल वालों ने उनकी पिटाई कर दी। मारपीट की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।