हर घर जल योजना से देवलभांठा में जल संकट खत्म, 301 घरों तक पहुंचा शुद्ध पेयजल

छग

Update: 2026-04-22 14:13 GMT
Mahasamundमहासमुंद। जिले के विकासखंड सरायपाली से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत देवलभांठा में हर घर जल योजना के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से राहत मिली है। अब गांव के 301 घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित रूप से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले उन्हें पानी के लिए हैंडपंप और सीमित जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत और अधिक बढ़ जाती थी, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो जाता था। लेकिन अब हर घर में नल के जरिए स्वच्छ पानी मिलने से यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है।
इस योजना के तहत गांव में कुल 301 घरों को नल कनेक्शन दिया गया है। इसके साथ ही लगभग 79.68 लाख रुपये की लागत से एक मजबूत पानी टंकी का निर्माण किया गया है, जिससे पूरे गांव में जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। जल वितरण के लिए करीब 2960 मीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई गई है, जिससे गांव के हर घर तक पानी पहुंच रहा है। पूर्व में गांव में केवल 4 हैंडपंप और 1 पावर पंप ही पानी के मुख्य स्रोत थे, जो बढ़ती आबादी के लिए पर्याप्त नहीं थे। इस कारण ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता था। अब हर घर जल योजना के लागू होने के बाद यह समस्या स्थायी रूप से खत्म हो गई है।
ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती त्रिपुरा बिशी के नेतृत्व में इस योजना को सफलतापूर्वक लागू किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को योजना के प्रति जागरूक किया और सभी को इसमें सहयोग के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा गांव में विलेज वाटर एंड सेनिटेशन कमिटी का गठन किया गया, जो जल आपूर्ति के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही है। ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया है। उन्हें पानी का सही उपयोग करने और नियमित रूप से जल कर (यूजर चार्ज) जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि योजना की स्थिरता लंबे समय तक बनी रहे।
इस योजना की सफलता के चलते ग्राम देवलभांठा को 10 दिसंबर 2025 को “हर घर जल प्रमाणित” घोषित किया गया था। यह उपलब्धि गांव के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती सत्यभामा ने बताया कि पहले उन्हें दूर से पानी लाना पड़ता था, जिससे समय और मेहनत दोनों लगती थी। अब घर में ही पानी मिलने से उनकी दिनचर्या आसान हो गई है और जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। इस पहल से न केवल ग्रामीणों को सुविधा मिली है, बल्कि स्वास्थ्य और स्वच्छता के स्तर में भी सुधार हुआ है। साफ पानी मिलने से बीमारियों का खतरा कम हुआ है और बच्चों तथा बुजुर्गों को विशेष लाभ मिल रहा है। हर घर जल योजना के जरिए देवलभांठा गांव अब अन्य गांवों के लिए भी एक उदाहरण बनकर उभरा है, जहां योजनाओं का सही क्रियान्वयन लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रहा है।
Tags:    

Similar News