VIP रोड स्विमिंग पूल हादसा: पानी में डूबने से पुलिस जवान की मौत
छत्तीसगढ़
RAIPUR रायपुर: राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित एक निजी कैफे और फार्म हाउस में स्विमिंग पूल हादसे में पुलिस जवान की मौत हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस जवान रमाकांत सिंह फार्म हाउस में मौजूद था, जहां वह स्विमिंग पूल में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान वह अचानक पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक जवान रमाकांत सिंह माना क्षेत्र में पदस्थ था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि स्विमिंग पूल में डूबने की यह घटना कैसे हुई और क्या इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण शामिल हैं।