Durg दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर हुई मारपीट की घटना में एक युवक की मौत हो गई। बुधवार को सामने आए इस मामले में 22 वर्षीय रुपेश वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। रुपेश ग्राम फुंडा का रहने वाला था और पाटन स्थित शराब दुकान के अहाते में काम करता था। जानकारी के मुताबिक, रुपेश शराब दुकान के अहाते में अपने काम में लगा हुआ था। इसी दौरान एक युवक अपने पिता के साथ शराब दुकान पहुंचा। किसी बात को लेकर युवक और रुपेश के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की ओर ले गया और वहां उसके साथ जमकर मारपीट की।
बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक हुई मारपीट में रुपेश के सिर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मारपीट के दौरान किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की थी या नहीं।
112 की टीम ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल रुपेश वर्मा को तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद परिजन उसे घर ले गए। कुछ समय बाद रुपेश की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
चीचा निवासी युवक पर हत्या का संदेह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मारपीट करने वाले संदिग्ध युवक का संबंध ग्राम चीचा से बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि संदिग्ध युवक नशे का आदी है और घटना के समय भी उसके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस जांच में जुटी
पाटन थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद संदिग्ध युवक को थाने लाया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी, मारपीट में कितने लोग शामिल थे और रुपेश की मौत किन चोटों के कारण हुई। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
Tags: