मोबाइल लेनदेन विवाद में हिंसा, युवक को बंधक बनाकर की पिटाई

छग

Update: 2026-07-04 15:30 GMT
Korba. कोरबा। जिले के कोहड़िया क्षेत्र में मोबाइल और पैसों के पुराने लेनदेन को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मोबाइल दुकान संचालक विकास दुबे के साथ कथित तौर पर एक नाबालिग और उसके परिजनों द्वारा मारपीट और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, विकास दुबे और एक नाबालिग के बीच मोबाइल और पैसों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि पिछले महीने भी इसी विवाद में नाबालिग द्वारा विकास पर चाकू से हमला किया गया था।

जिसकी रिपोर्ट सीएसईबी चौकी में दर्ज है। बीती रात विकास दुबे किसी काम से पीपरपारा क्षेत्र गया था, जहां नाबालिग और उसके परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसे एक कमरे में बंधक बनाकर पूरी रात लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा गया। इस हमले में उसके सिर, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक हाथ की हड्डी भी टूट गई है। सुबह उसके मित्र आकर्षण तिवारी ने गंभीर हालत में उसे देखा और डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया।

इसी मामले में एक महिला ने सीएसईबी चौकी में विकास दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि रात करीब 10 बजे विकास उसके घर में घुसा और अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद उसने गुस्से में लोहे के डंडे से उसकी पिटाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि महिला की शिकायत पर विकास दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, विकास की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नाबालिग और उसके परिजनों के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट के मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
Tags:    

Similar News