Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के माना इलाके स्थित नकटी गांव में प्रशासन की ओर से कब्जा हटाने की कार्रवाई की तैयारी को लेकर ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई। कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रात के समय प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 16 और 17 के ग्रामीणों को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया था, जिसमें कब्जा हटाने की कार्रवाई की बात कही गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पहले 25 तारीख का नोटिस दिया गया था, जिसे बाद में आज चस्पा किया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

नकटी गांव में जैसे ही प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और देर रात विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना उचित संवाद और समय दिए प्रशासन कब्जा हटाने की कार्रवाई कर रहा है, जो उनके साथ अन्याय है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कार्रवाई को रोकने की मांग की। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

सूत्रों के अनुसार, प्रशासन की टीम कब्जा हटाने की प्रक्रिया को लेकर मौके पर पहुंचने की तैयारी में थी, लेकिन विरोध के चलते फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया और शांति बनाए रखने की अपील की। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से इस इलाके में रह रहे हैं और उनके पास रहने के पर्याप्त दस्तावेज मौजूद हैं। उनका आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था दिए उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे वे बेघर हो जाएंगे।

वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और संबंधित जमीन पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि नियमों के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जा रही है और किसी के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। किसी भी तरह की हिंसक स्थिति से बचने के लिए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। प्रशासन का कहना है कि आगे की कार्रवाई कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ही की जाएगी।
Tags: