जनदर्शन में कलेक्टर से रूबरू हुए ग्रामीण, 35 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
छग
Narayanpur. नारायणपुर। कलेक्टर नम्रता जैन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद किया। जनदर्शन में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें लिखित आवेदनों के माध्यम से कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से संबंधित भुगतान, निर्माण कार्यों के लंबित भुगतान, दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र प्रदाय करने, बिजली कनेक्शन, सड़क निर्माण, आश्रम व स्कूल से जुड़ी समस्याएं, रोजगार, पेयजल, शौचालय, सोलर एवं स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। मोहम्मद ईमरान बंगलापारा एवं मोहम्मद हुसैन खान ने निर्माण और पीएचई विभाग से लंबित भुगतान की मांग रखी। कृष्णा देवांगन, डी.एन.के. कॉलोनी ने श्रवण यंत्र प्रदाय करने का आवेदन प्रस्तुत किया। समस्त ग्रामवासी ओरछामेटा ने गांव में बिजली कनेक्शन, सड़क निर्माण तथा कन्या आश्रम ओरछामेटा को वापस ग्राम में स्थानांतरित करने की मांग रखी।
माधवी ठाकुर एवं बिसराम भारद्वाज ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की, वहीं ग्राम हंदावाड़ा के ग्रामीणों ने पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, शौचालय, सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइट एवं आंगनबाड़ी भवन की मांग रखी। अध्यक्ष जनपद पंचायत नारायणपुर ने जाटलूर बाजार रोड निर्माण कार्य की स्वीकृति देने का आवेदन दिया। इसके अलावा सरपंच ग्राम पंचायत खड़कागांव ने बिंजली तक 6 किलोमीटर सड़क की मरम्मत, सरपंच नेलवाड ने विभिन्न स्थानों पर सीसी सड़क निर्माण, ग्राम छोटे सुहनार में हैंडपंप एवं नल-जल व्यवस्था, ग्राम कस्तूरवाड़ा में स्कूल मार्ग पर पुलिया निर्माण तथा ग्राम मुरनार में सड़क निर्माण की मांग रखी।
जनदर्शन में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने वेतन भुगतान, बिजली बिल सुधार, सीसी सड़क निर्माण में बाधा, बिजली आपूर्ति नहीं होने, सामग्री भुगतान, हाट बाजार की अनुमति सहित कई अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर नम्रता जैन ने कुल 35 प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आम जनता की समस्याओं को सीधे समझने और उनका समाधान सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशासन का प्रयास है कि सभी समस्याओं का समय पर निराकरण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई जाए।