Raigarh. रायगढ़। सोशल मीडिया पर युवती से सरेराह मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी खान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल दो नाबालिग बालिकाओं के खिलाफ भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने जांच शुरू कर कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई।
मरीन ड्राइव रोड पर हुई थी मारपीट की घटना
पुलिस जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही मारपीट की घटना रायगढ़ के मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास हुई थी। कोतवाली पुलिस ने वीडियो की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मारपीट करने वाली महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में की। पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह उसके घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल अन्य लड़कियों के बारे में जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें भी तलब किया। जांच में दोनों लड़कियां नाबालिग पाई गईं, जिनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
रास्ता रोककर युवती से की गई मारपीट
पीड़ित 19 वर्षीय युवती ने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में काम करती है। 30 जून 2026 की शाम करीब 4 बजे वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से थोक बाजार से लौट रही थी। इसी दौरान मेरीन ड्राइव रोड के पास दो युवतियों ने बाइक आगे लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर दोनों युवतियों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को बुलाया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों और मुक्कों से मारपीट की।
हंसने की गलतफहमी में शुरू हुआ विवाद
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मारपीट करने वाली युवतियां सेल्फी ले रही थीं। इसी दौरान कुछ लोग वहां से हंसते हुए गुजरे, जिस पर आरोपियों को लगा कि वे उन्हें देखकर हंस रहे हैं। इसी गलतफहमी को लेकर विवाद शुरू हुआ और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान पीड़िता की सहेली और आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी नगमा खान उर्फ नूरी खान, पति खबीब खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी चांदनी चौक, फौजदारपारा रायगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 126(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में कानून हाथ में लेने और सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो रहे हैं। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद या अपराध की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।