Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में यातायात नियमों की अनदेखी और खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूली बच्चे और युवक दोपहिया वाहनों पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। एक ही बाइक और स्कूटी पर चार से पांच लोगों के सवार होने के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शहर के अलग-अलग इलाकों में नाबालिग और युवा यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। दोपहिया वाहन पर दो से ज्यादा सवारी बैठाने पर रोक होने के बावजूद कई लोग एक ही वाहन पर कई लोगों को बैठाकर तेज रफ्तार में वाहन चला रहे हैं।
स्कूटी पर पांच युवक सवार, वीडियो हुआ वायरल
गुरुवार को तितली चौक के पास एक स्कूटी पर पांच युवक सवार दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि सभी रेलवे स्टेशन की ओर से तितली चौक होते हुए बुधवारी बाजार की तरफ जा रहे थे। एक ही स्कूटी पर पांच लोगों के बैठने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इसके बावजूद युवक तेज रफ्तार में वाहन चलाते नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने भी चिंता जताई है।
स्कूल यूनिफॉर्म में नाबालिग कर रहे थे स्टंट
इमलीपारा रोड पर भी एक खतरनाक नजारा देखने को मिला। यहां स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच नाबालिग एक बाइक पर सवार दिखाई दिए। वीडियो में बाइक पर बैठे दो नाबालिग दोनों तरफ खड़े होकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। स्कूल छुट्टी के समय सड़क पर इस तरह की लापरवाही से दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है।
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर भी होगी कार्रवाई
शहर में कुछ वाहन चालक नंबर प्लेट के नियमों का भी उल्लंघन करते पाए गए हैं। तेलीपारा रोड पर एक युवक तेज रफ्तार में बुलेट चलाता दिखाई दिया, जिसकी नंबर प्लेट की जगह ‘जय महाकाल’ लिखा हुआ था। वहीं साइंस कॉलेज के पास खड़ी एक बुलेट में आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली। पीछे भी निर्धारित नंबर प्लेट की जगह काली प्लेट लगी हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करना भी नियमों का उल्लंघन है और ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस चलाएगी विशेष अभियान
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि शहर में बाइक और कार से स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों और प्रमुख मार्गों पर ऐसे वाहनों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान भी भेजे जा रहे हैं। बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट में बदलाव करने वाले वाहनों के खिलाफ शुक्रवार से विशेष धरपकड़ अभियान शुरू किया जाएगा।
हाईकोर्ट भी जता चुका है नाराजगी
बिलासपुर हाईकोर्ट ने भी सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, बर्थडे सेलिब्रेशन और केक काटने जैसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए स्वत: संज्ञान लिया था। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा था कि सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की जान खतरे में डालने वाले स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि ऐसे मामलों में दूसरों को भी सबक मिले। कोर्ट ने यह भी कहा था कि सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ केवल जुर्माना लगाकर छोड़ देना पर्याप्त नहीं है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। स्टंटबाजी और लापरवाही से न केवल चालक बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
Tags: