सोशल मीडिया पर कट्टे के साथ वीडियो वायरल, 48 घंटे में दो बदमाश गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो पोस्ट कर उसे वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक युवक द्वारा हाथ में अवैध कट्टा लेकर उसका प्रदर्शन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया था। वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी की पहचान कर उसे हथियार सहित पकड़ने के निर्देश दिए।
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की सोशल मीडिया विंग ने वीडियो का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान आजाद चौक क्षेत्र निवासी कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसकी तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह कट्टा पंडरी क्षेत्र निवासी शिखर द्विवेदी से लिया था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने दूसरे आरोपी की भी तलाश की और उसे भी पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक नग अवैध कट्टा बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है। इससे समाज में डर और असुरक्षा का माहौल बनता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार आरोपियों में कुलेश्वर उर्फ सोनू साहू (24 वर्ष), निवासी रामसागर पारा, थाना आजाद चौक, और शिखर द्विवेदी (20 वर्ष), निवासी एकता चौक सड्डू, थाना पंडरी शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहें। साथ ही, संदिग्ध पोस्ट या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई से साफ है कि रायपुर पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है।