Raipur रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि तीन युवकों सहित अन्य लोगों ने एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए उस पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक घटना 8 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। प्रार्थी ऋषभ शर्मा का हॉर्न बजाने की बात को लेकर कुमार उर्फ राजू बंछोर और उसके साथियों से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर ऋषभ के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान युवक पर चाकू से वार किया गया और उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। हमले में ऋषभ घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी और अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुमार बंछोर उर्फ राजू (30), केवल बघेल (20) और अमन नायक (21) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया है। मामले में शामिल बताए जा रहे अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जा रही है।
Tags: