Bilaspur. बिलासपुर। शहर में गुरुवार को महापुरुषों की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ के कई मामले सामने आने से हड़कंप मच गया। शहर के अलग-अलग प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर कपड़े और अन्य सामान बंधे मिले। घटनाओं की जानकारी सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों ने नाराजगी जताई और प्रतिमाओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। पुलिस ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
अंबेडकर प्रतिमा पर ताश के पत्ते और नशे से जुड़ी सामग्री मिली
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गर्ल्स डिग्री कॉलेज के सामने स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया। प्रतिमा पर कपड़े बांधे गए थे। इसके अलावा ताश के पत्ते और नशे से जुड़ी सामग्री भी वहां मिली। प्रतिमा के गले में कपड़ा लपेटा गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमा से कपड़े समेत अन्य सामान हटवाया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ किसने और कब की।
गांधी प्रतिमा का चश्मा हटाया और बांधे कपड़े
इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र के गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ भी छेड़छाड़ की गई। प्रतिमा का चश्मा हटा दिया गया था। गांधीजी की कमर पर धोती और सिर पर कपड़ा बांधा गया था। इसके अलावा उनके हाथ-पैर में भी बैंड पहनाए गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमा को व्यवस्थित कराया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ ही घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर भी मिले कपड़े
सरकंडा थाना क्षेत्र के सीपत चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर भी कपड़े बंधे मिले। एक ही दिन शहर के अलग-अलग स्थानों पर तीन महापुरुषों की प्रतिमाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन में भी हलचल बढ़ गई। पुलिस ने शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं की भी जांच कराई, ताकि कहीं और इस तरह की घटना तो नहीं हुई है, इसका पता लगाया जा सके।
CCTV फुटेज में महिला की हरकत कैद
एएसपी सिटी पंकज पटेल के मुताबिक, अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ की सूचना मिलने के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में एक महिला प्रतिमा पर कपड़े बांधते हुए दिखाई दी है। पुलिस के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। पुलिस अब महिला की पहचान और तलाश में जुटी है। महिला के मिलने के बाद पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जाएगी। उसकी मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उसे मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
सामाजिक संगठनों ने जताई नाराजगी
महापुरुषों की प्रतिमाओं के साथ हुई घटनाओं को लेकर सामाजिक संगठनों ने नाराजगी जताई है। संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाएं सम्मान और सामाजिक चेतना का प्रतीक हैं। उनकी सुरक्षा और नियमित निगरानी की व्यवस्था होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही शहर में लगी अन्य प्रमुख प्रतिमाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी।