फ्रूटी पैकेट में कथित मृत जीव मिलने से हड़कंप, बच्ची हॉस्पिटल में एडमिट

छग

Update: 2026-06-14 16:42 GMT
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत नगर पंचायत करेलीबड़ी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बच्ची की फ्रूटी के पैकेट में कथित रूप से मृत जीव मिलने का दावा किया गया है। घटना के बाद बच्ची को एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसे डॉक्टरों की निगरानी में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। जानकारी के अनुसार, परिजनों ने स्थानीय दुकान से बच्ची के लिए पैकेट बंद फ्रूटी खरीदी थी। बच्ची जब स्ट्रॉ के माध्यम से फ्रूटी पीने लगी तो अंदर से पेय बाहर नहीं आया, जिससे परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पैकेट को खोलकर जांच की, तो अंदर एक संदिग्ध मृत जीव मिलने का दावा किया गया।
परिजनों का कहना है कि यह जीव देखने में सांप जैसा प्रतीत हो रहा था। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तुरंत बच्ची को मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे निगरानी में रखा गया। पीड़ित बच्ची की पहचान नृत्या के रूप में हुई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बच्ची की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उस पर लगातार नजर रखी जा रही है। मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बीएमओ शारदा ठाकुर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) के रूप में दर्ज किया गया है और इसकी जानकारी पुलिस को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि पैकेट से मिले संदिग्ध जीव को सुरक्षित रखकर फ्रीज में संरक्षित किया गया है, ताकि आगे की जांच में मदद मिल सके।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को भी सूचित कर दिया है। अब संबंधित विभाग द्वारा फ्रूटी पैकेट, उसमें मिले संदिग्ध जीव और उत्पाद की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। जांच के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि पैकेट में यह जीव कैसे पहुंचा और क्या यह निर्माण या पैकिंग प्रक्रिया में लापरवाही का मामला है। वहीं करेलीबड़ी चौकी पुलिस को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं पर बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों ने पैकेज्ड खाद्य और पेय पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं उपभोक्ता सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं। खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पैकेट में मिला कथित जीव वास्तव में क्या था और वह वहां कैसे पहुंचा। इस घटना ने इलाके में पैकेज्ड उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर बहस भी तेज कर दी है।
Tags:    

Similar News