रायपुर: देशभर में आरक्षण व्यवस्था के मुद्दे पर बहस छिड़ी हुई है. दिल्ली से लेकर कई प्रदेशों में आरक्षण के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है. इस बीच छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अगर देश से जातिवाद खत्म होता है तो हम आरक्षण छोड़ने के लिए तैयार हैं.
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने आरक्षण व्यवस्था का विरोध करने वालों को लेकर कड़ा जवाब दिया है. आठवले ने कहा कि भारत में जाति के आधार पर आरक्षण का प्रावधान है. जाति व्यवस्था से आर्टिकल 17 को खत्म कर दिया गया है, लेकिन आज भी दलितों और आदिवासियों पर अत्याचार होते हैं. उन्होंने कहा कि अगर जातिवाद खत्म होता है तो आरक्षण छोड़ने के लिए तैयार हैं. जब तक जातिवाद खत्म नहीं होता, आरक्षण लागू रहेगा. आरक्षण का विरोध नहीं किया जाना चाहिए.
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने दलितों के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशान साधते हुए कहा कि विपक्ष अब केवल टिप्पणी करने के लिए है. वह देश का विकास नहीं कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास तेजी से हो रहा है. सरकार दलितों की सेवा करने में सक्षम है. सरकार दलितों को न्याय दिलाने में प्रयासरत है.
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने अपने छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर बताया कि रायपुर और बिलासपुर में उनके कार्यक्रम हैं. इस दौरान रायपुर निगम के अधिकारियों के साथ सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं पर बैठक की जाएगी. केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों से इनके क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे.