गृह मंत्री अमित शाह से मिले केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, जानें क्या हुई बात
नई दिल्ली: केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के नक्सलमुक्त होने पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान साहू ने अपना त्रैमासिक कार्य-प्रगति विवरण भी अमित शाह को भेंट किया और मंत्रालयीय दायित्वों तथा संसदीय क्षेत्र से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी साझा की।
तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ का नक्सलवाद से मुक्त होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह केवल सुरक्षा के मोर्चे पर सफलता नहीं, बल्कि शांति, सुशासन, विकास और जनविश्वास के नए युग की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ में विकास की गति और तेज होगी। लंबे समय से प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार नई ऊर्जा के साथ किया जाएगा। साहू ने नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता के लिए अमित शाह के नेतृत्व और मार्गदर्शन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हुआ है।