Balod. बालोद। अर्जुन्दा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएँ लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग हादसों में तेज रफ्तार हाइवा और चालक की लापरवाही प्रमुख कारण बताई जा रही है। पहला हादसा अर्जुन्दा नगर बस स्टैंड के पास हुआ था, जिसमें एक युवक की मौत हुई थी। वहीं उसी दिन नगर के दूसरे हिस्से में एक और दुर्घटना सामने आई, जिसने फिर से सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरी घटना में 65 वर्षीय डोमार सिंह दीवान, जो कांदुल से अर्जुन्दा मार्केट आए थे, सड़क पार करते समय हादसे का शिकार हो गए। पिनकापार के एक मटेरियल सप्लायर की तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल बुजुर्ग को तत्काल आसपास मौजूद लोगों ने स्कूटी की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें राजनांदगांव रेफर कर दिया। अर्जुन्दा पुलिस ने मौके से हाइवा जब्त कर ली है और आगे की जांच जारी है।
इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। सामाजिक कार्यकर्ता आरके देवांगन ने बताया कि नगर के भीतर बिना रोक-टोक बड़े वाहन तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं। दाऊ चौक से टिकरी तक का मार्ग सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है, लेकिन इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर किसी तरह की निगरानी या नियंत्रण नहीं है। उनका कहना है कि प्रशासन को इस दिशा में सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है। सिर्फ तेज रफ्तार वाहन ही नहीं, बल्कि पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए गए अमानक और ऊंचे स्पीड ब्रेकर भी दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। नगर के कई इलाकों में बने इन ब्रेकरों के पास किसी प्रकार का संकेतक नहीं लगाया गया है, जिसके चलते बाइक सवार अचानक असंतुलित होकर गिर रहे हैं। नागरिकों ने कई बार पीडब्ल्यूडी एसडीओ को शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। दोनों हादसों के बाद अर्जुन्दा पुलिस ने संबंधित दोनों हाइवा जब्त कर ली हैं और ड्राइवरों पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से कड़े कदम उठाने और सड़क सुरक्षा को लेकर मजबूत व्यवस्था बनाने की मांग की है।