Kawardha. कवर्धा। जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र के बैगापारा पोलमी में जमीन से जुड़े विवाद के दौरान अपने चाचा पर डंडे से जानलेवा हमला करने के आरोपी फूलसिंह बैगा को पुलिस ने तेलंगाना से गिरफ्तार कर लिया है। हमले में गंभीर रूप से घायल सुकलाल बैगा का करीब 15 दिनों तक अस्पताल में इलाज चला था, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। चाचा की मौत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी फरार होकर तेलंगाना चला गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसका पता लगाया और सांगारेड्डी जिले से गिरफ्तार कर कवर्धा लाया।

पुलिस के मुताबिक घटना 2 दिसंबर 2024 की है। ग्राम बैगापारा पोलमी में सुकलाल बैगा और फूलसिंह बैगा के बीच जमीन से जुड़े मामले को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान फूलसिंह ने गाली-गलौज करते हुए सुकलाल को धमकी दी। इसके बाद विवाद बढ़ने पर उसने डंडे से सुकलाल के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से सुकलाल घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 15 दिनों तक उसका इलाज चलता रहा। शुरुआत में पुलिस ने घटना को लेकर मारपीट से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

15 दिन बाद घायल ने तोड़ा दम
इलाज के दौरान 17 दिसंबर को सुकलाल बैगा की मौत हो गई। उसकी मौत के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ाया गया। पुलिस के मुताबिक जांच में गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि के बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) जोड़कर हत्या के मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की गई। चाचा की मौत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी फूलसिंह बैगा फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दूसरे राज्य में जाकर छिप गया।

तेलंगाना में मिला आरोपी का सुराग
फरार आरोपी की तलाश के दौरान कुकदुर पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को फूलसिंह के तेलंगाना के सांगारेड्डी जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस की एक टीम तेलंगाना के लिए रवाना की गई। पुलिस टीम ने सांगारेड्डी जिले के गुम्माडीडाला थाना क्षेत्र में आरोपी की तलाश शुरू की। यहां उसका पता लगाने के बाद पुलिस ने फूलसिंह बैगा को पकड़ लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को कवर्धा लाया गया।

कोर्ट ने भेजा न्यायिक रिमांड पर
आरोपी फूलसिंह से मामले को लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। कवर्धा एसपी जितेन्द्र यादव ने बताया कि कुकदुर थाना क्षेत्र के बैगापारा गांव में सुकलाल बैगा की हत्या के मामले में आरोपी फूलसिंह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए तेलंगाना से उसे गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। करीब दो साल पुराने मामले में आरोपी की दूसरे राज्य से गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Tags: