Rajnandgaon. राजनांदगांव। चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र में चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने और भय का माहौल बनाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गणेश पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम को लगातार पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 15 सितंबर को पेट्रोलिंग के दौरान शंकरपुर जाने वाले मार्ग पर सरकारी प्रेस के पास एक युवक द्वारा हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान निलेश यादव (19) के रूप में हुई। पुलिस का आरोप है कि युवक धारदार चाकू लहराकर आसपास मौजूद लोगों में भय पैदा कर रहा था। इसी तरह रमन बाजार तालाब के पास बरगद के पेड़ के नीचे एक अन्य युवक के हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान शशीकांत ठाकुर उर्फ बाबू (18 वर्ष 8 माह) के रूप में की गई।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद करने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों चाकुओं को जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों के खिलाफ पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई, उप निरीक्षक सत्तुलाल कंवर, प्रधान आरक्षक अरुण कुमार नेताम, महिला प्रधान आरक्षक वंदना पटले, आरक्षक आदित्य सोलंकी, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी सहित चिखली चौकी स्टाफ की भूमिका रही।
Tags: