कोनी में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-29 18:00 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। शहर के कोनी थाना क्षेत्र में आमजन को डराने-धमकाने और गुंडागर्दी करने के मामलों में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से तलवार बरामद की गई है। पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 28 अप्रैल को सूचना मिली कि बड़े कोनी क्षेत्र में एक युवक तलवार लहराकर लोगों को डरा रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान अंकित कुमार यादव (24 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तलवार बरामद की गई।


इसी तरह दूसरे मामले में 29 अप्रैल को ग्राम रमतला रोड स्थित आधारशिला स्कूल के सामने एक युवक द्वारा धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को भयभीत करने की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजश्री दाम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी अनुराग यादव (19 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से भी तलवार जब्त की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर डराने-धमकाने या गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और कहा है कि ऐसे तत्वों पर नियंत्रण से क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा।
Tags:    

Similar News