लकवाग्रस्त महिला को बीमारी ठीक करने का झांसा देकर धर्मांतरण की कोशिश, दो महिलाएं गिरफ्तार

छग

Update: 2026-02-01 16:08 GMT
Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई से जबरन धर्मांतरण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यहां बीमारी ठीक करने का झांसा देकर एक लकवाग्रस्त महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप दो महिलाओं पर लगा है। पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित महिलाओं को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला भिलाई के पदुमनगर क्षेत्र का है। यहां रहने वाली एक महिला लकवा की बीमारी से पीड़ित है।
आरोप
है कि पिछले करीब दो सप्ताह से दो महिलाएं नियमित रूप से उसके घर आ-जा रही थीं। वे खुद को धार्मिक प्रचार से जुड़ा बताकर महिला को यह भरोसा दिला रही थीं कि यदि वह बाइबिल पढ़ने लगे और धर्म परिवर्तन कर ले, तो उसकी गंभीर बीमारी ठीक हो सकती है।
पीड़िता के अनुसार, शुरुआत में महिलाओं ने सहानुभूति जताते हुए बातचीत की, लेकिन धीरे-धीरे उन पर धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने का दबाव बढ़ने लगा। आरोप है कि महिलाएं उसे जबरन बाइबिल पढ़ने के लिए मजबूर कर रही थीं और धर्म बदलने पर चमत्कार होने का दावा कर रही थीं। इस दौरान पीड़िता मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई। लगातार दबाव और डर के माहौल में जी रही महिला ने आखिरकार पुलिस को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही भिलाई-3 थाना और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर की घेराबंदी कर वहां मौजूद दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार की गई महिलाओं में से एक झारखंड की रहने वाली है, जबकि दूसरी महिला कुम्हारी क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या ये महिलाएं किसी संगठित गिरोह या संस्था से जुड़ी हुई हैं और क्या इससे पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रही हैं। भिलाई-3 थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे तथा उन्होंने कितने लोगों को इस तरह निशाना बनाया।
इसी तरह का एक और मामला हाल ही में बिलासपुर जिले से भी सामने आया है। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र के सूर्या विहार इलाके में प्रार्थना सभा की आड़ में कथित तौर पर धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था। इस मामले की जानकारी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को मिली, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और आगे की जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रशासन और पुलिस को सतर्क कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का
कहना
है कि किसी भी व्यक्ति पर जबरन या लालच देकर धर्म परिवर्तन का दबाव डालना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष देखने को मिल रहा है और वे इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Tags:    

Similar News