सरकारी जमीन पर बना दो मंजिला अवैध भवन ध्वस्त, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
छग
Korba. कोरबा। जिले के सीतामढ़ी क्षेत्र में रविवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर बने एक अवैध दो मंजिला व्यावसायिक भवन को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। जानकारी के अनुसार, यह भवन गेंदराम द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाया गया था। मामले की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने संबंधित भूमि की जांच कराई, जिसमें शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि हुई। इसके बाद नियमानुसार संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की गई। सभी कानूनी औपचारिकताओं के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण को हटाने का निर्णय लिया। रविवार सुबह तहसील और नगर निगम की संयुक्त टीम जेसीबी मशीन, पोकलेन और अन्य भारी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की।
कुछ ही घंटों में दो मंजिला व्यावसायिक भवन को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे और घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करते नजर आए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। नायब तहसीलदार दीपक कुमार ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित भूमि सरकारी है और उस पर अवैध रूप से निर्माण किया गया था। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया जांच, नोटिस और सुनवाई के बाद ही यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में शासकीय और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा न करें और किसी भी प्रकार का निर्माण करने से पहले आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा और लोगों ने प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं।