जनता से रिश्ता की खबर का असर
रायपुर। नशीली टेबलेट सप्लाई करते दुर्ग के 2 तस्कर गिरफ्तार किए गए है। एण्टी क्राईम एवं साइबर यूनिट टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना टिकरापारा क्षेत्र अंतर्गत गोकुल नगर स्थित शमशान घाट के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति अपने कब्जे में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखें हुए हैं तथा उसकी अवैध बिक्री करने के उद्देश्य से ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
उक्त सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राईम एण्ड साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट सहित गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए टीम के सदस्य बताए गए स्थान पर पहुंचे। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पतासाजी की गई, जिसके दौरान कुल 02 व्यक्तियों को चिन्हांकित किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ हेतु संपर्क करने का प्रयास किया गया, किन्तु पुलिस टीम को देखकर वे भागने का प्रयास करने लगे। इस पर टीम द्वारा तत्परता पूर्वक घेराबंदी कर दोनों व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम कपिल तिवारी एवं मोहम्मद अनिस होना बताया। तत्पश्चात विधिसम्मत तरीके से उनकी तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट स्पासमो एवं नाईट्रोसन-10 बरामद होना पाया गया।
उक्त प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखने एवं बिक्री करने के संबंध में दोनों से वैध दस्तावेजों की मांग करने पर, उनके द्वारा किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया तथा वे टीम के सदस्यों को लगातार गुमराह कर रहे थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से *कुल 73 नग स्पासमो एवं नाईट्रोसन-10 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट कीमती लगभग 29,200/- रूपये* जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 389/26 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किया गया।
आरोपी मोहम्मद अनीश को वर्ष 2025 में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ टिकरापारा क्षेत्र में पकड़ा गया था, जिसके संबंध में आरोपी मोह. अनीश के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 809/25, धारा 22(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है। प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर प्रकरण में End-to-End कार्यवाही की जा रहीं है।
गिरफ्तार आरोपी
कपिल तिवारी पिता स्व. नीलकमल तिवारी उम्र 19 वर्ष साकिन दुर्गा नगर अम्लेश्वर थाना अम्लेश्वर जिला दुर्ग
मोहम्मद अनीश पिता मोहम्मद यूसुफ उम्र 52 वर्ष निवासी संजय नगर मदनी चौक थाना टिकरापारा रायपुर