मंदिर से चांदी के दो मुकुट चोरी, CCTV की मदद से पकड़ाया आरोपी

छग

Update: 2026-02-05 18:42 GMT
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में आस्था से जुड़ी चोरी की एक घटना सामने आई है। जिले के पोड़ीदहला गांव स्थित बुड़हीन दाई मंदिर से चोर ने माता के चांदी के दो मुकुट चोरी कर लिए। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 वर्षीय आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
यह मामला कोटमीसोनार सहायता केंद्र चौकी क्षेत्र का है। चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र क्षत्रिय ने बताया कि 1 और 2 फरवरी की मध्यरात्रि को अज्ञात चोर ने बुड़हीन दाई मंदिर का ताला तोड़कर माता के श्रृंगार में उपयोग होने वाले दो चांदी के मुकुट चोरी कर लिए थे। चोरी गए मुकुटों का कुल वजन करीब 10 तोला चांदी बताया जा रहा है। मंदिर से मुकुट चोरी होने की जानकारी सुबह ग्रामीणों को मिली, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। मंदिर समिति और ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक युवक रात के समय मंदिर में घुसकर चोरी करता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर युवक की पहचान पोड़ीदहला गांव निवासी राहुल कुमार (18 वर्ष) के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी राहुल कुमार ने बताया कि उसके पास मोबाइल फोन खरीदने के लिए पैसे नहीं थे, इसी वजह से उसने मंदिर से चांदी के मुकुट चोरी करने की योजना बनाई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए दोनों चांदी के मुकुट और चोरी में इस्तेमाल किया गया सबल (लोहे की रॉड) भी बरामद कर लिया है। बरामद मुकुटों को सुरक्षित रखा गया है और आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थलों में चोरी की घटनाएं समाज की भावनाओं को आहत करती हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है और आरोपी की गिरफ्तारी से राहत महसूस की है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
Tags:    

Similar News