बिलासपुर। रेलवे स्टेशन क्षेत्र के साईं मंदिर के पास गांजा पिलाने की बात को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों की पिटाई कर दी। मारपीट में घायल युवक सड़क किनारे पड़ा रहा, जबकि उसका साथी वीडियो में कुछ लोगों के नाम लेकर मारपीट की वजह समझाने की कोशिश करता नजर आया।
वीडियो के वायरल होने के बाद इसे लेकर शहर में दिनभर चर्चा होती रही। कुछ लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही तारबाहर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेलवे क्षेत्र में नशे का कारोबार : रेलवे क्षेत्र के आसपास नशे का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। यहां गांजा, नशीली टेबलेट सहित अन्य चीजें खुलेआम ठेला व खोमचों पर बिकती है। पुलिस के द्वारा इन पर कार्रवाई नहीं करने से इनके हौसले बुलंद हैं। आसानी से मिलने के कारण युवाओं से लेकर बच्चे तक नशा करने लगे हैं। नशे में युवक इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों से छेड़छाड़ व लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इसके बाद भी इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।