Kanker. कांकेर। जिले के बांदे थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। ग्राम इरपानार के पास बांडे नदी में दो स्कूली छात्र तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों छात्र अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने नदी के पास पहुंचे थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तलाश अभियान में जुट गए हैं। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे नौ बच्चों का समूह छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे करका-बुज गांव के पास स्थित बांडे नदी पहुंचा था। बच्चे नदी किनारे पिकनिक मनाने गए थे। इसी दौरान साहिल वर्माण और अजित विश्वास नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए।

दोनों छात्रों को बहता देख उनके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने मदद के लिए आवाज लगाई। घटना की खबर आसपास के ग्रामीणों तक पहुंची, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंच गए और तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण तलाश अभियान में कठिनाई हो रही है। स्थानीय ग्रामीण जाल, लंबे डंडों और गोताखोरों की मदद से लगातार दोनों छात्रों को खोजने का प्रयास कर रहे हैं। कांकेर से एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। टीम के मौके पर पहुंचने के बाद आधुनिक संसाधनों की मदद से तलाश अभियान को और तेज किए जाने की तैयारी है। वहीं घटना स्थल छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के करीब होने के कारण महाराष्ट्र पुलिस और रेस्क्यू टीम से भी समन्वय किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र के कसनसूर थाने से भी रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। दोनों राज्यों की पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मिलकर नदी के अलग-अलग हिस्सों में तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद दोनों छात्रों के परिवारों में चिंता और दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी नदी किनारे मौजूद हैं और तलाश अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। बांडे नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। नदी के किनारे और नीचे की दिशा में भी खोजबीन की जा रही है, ताकि दोनों छात्रों का जल्द पता लगाया जा सके। फिलहाल साहिल वर्माण और अजित विश्वास का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और स्थानीय टीमों की ओर से रेस्क्यू अभियान जारी है। एनडीआरएफ और महाराष्ट्र की रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद तलाश का दायरा और बढ़ाया जाएगा। घटना ने एक बार फिर नदी-नालों में तेज बहाव के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। पुलिस प्रशासन की ओर से भी लोगों से जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने और बच्चों को नदी किनारे अकेला नहीं भेजने की अपील की जा रही है।
Tags: