चोरी और डकैती की दो बड़ी वारदातें सुलझीं, रिश्तेदारों को ही निशाना बनाने वाला सरगना गिरफ्तार
छग
Mahasamund. महासमुंद। महासमुंद पुलिस को चोरी और डकैती की दो बड़ी घटनाओं को सुलझाने में उल्लेखनीय सफलता मिली है। थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम बल्दीडीह में हुई बड़ी चोरी और थाना छुरा, जिला गरियाबंद के ग्राम चरौदा में मई 2025 में घटित डकैती की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इन दोनों मामलों में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि गिरोह का सरगना कान्हा उर्फ हेमंत अग्रवाल अपने ही नजदीकी रिश्तेदारों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी कान्हा उर्फ हेमंत अग्रवाल ने थाना सांकरा के ग्राम बल्दीडीह में अपने सगे चाचा के घर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं दूसरी ओर, जिला गरियाबंद के थाना छुरा अंतर्गत ग्राम चरौदा में मई 2025 में हुई डकैती की घटना में उसने अपनी सगी बहन के घर को ही निशाना बनाया। दोनों ही घटनाएं योजनाबद्ध तरीके से की गई थीं, ताकि परिवारिक संबंधों का फायदा उठाकर किसी को संदेह न हो।
जांच में सामने आया कि सभी आरोपी पहले रेकी करते थे और फिर सुनियोजित ढंग से वारदात को अंजाम देते थे। गिरोह में स्थानीय के साथ-साथ अंतर्राज्यीय चोरों को भी शामिल किया गया था, जिससे चोरी और डकैती के बाद माल को ठिकाने लगाने में आसानी हो सके। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 05 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। महासमुंद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 93 लाख 33 हजार 104 रुपये कीमत का सोना और चांदी बरामद किया है। बरामदगी में 471.24 ग्राम वजनी सोने के आभूषण और 1 किलो 429.53 ग्राम वजनी चांदी के आभूषण शामिल हैं। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें टाटा नेक्सॉन कार (CG22W9997), यामाहा मोटरसाइकिल (CG04MB3957) और मारुति स्विफ्ट कार (CG09JP6505) शामिल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन दोनों प्रकरणों की गुत्थी सुलझाने में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मजबूत मुखबिर सूचना ने अहम भूमिका निभाई। घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की गई, जिससे आरोपियों की पहचान और गतिविधियों का पता चला। आरोपियों की पतासाजी और चोरी-डकैती के माल की बरामदगी के लिए महासमुंद पुलिस ने 06 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने विभिन्न जिलों और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा और बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद किया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस गिरोह ने अन्य जिलों या राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया है। साथ ही, बरामद आभूषणों की पहचान कर उन्हें वास्तविक पीड़ितों को लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।