Janjgir. जांजगीर। जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 15 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब और 35 पाव देशी प्लेन शराब जब्त किया है। बरामद शराब की कुल कीमत लगभग ₹4,300 आंकी गई है। दोनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
बम्हनीडीह थाना क्षेत्र से 15 लीटर महुआ शराब जब्त
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बम्हनीडीह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कुमार तंबोली निवासी कपिसदा, थाना बम्हनीडीह को पकड़ा। उसके कब्जे से 15 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पूछताछ में उसने अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने की बात कबूल की।
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र से 35 पाव देशी शराब बरामद
इसी तरह थाना शिवरीनारायण पुलिस ने दबिश देकर आरोपी मलेच्छ राम साहू निवासी भवतरा, थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया। उसके पास से 35 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई। आरोपी तस्करी के लिए मोटरसाइकिल का उपयोग कर रहा था। पुलिस ने शराब के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और खपत को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
टीम का सराहनीय योगदान
इस संयुक्त कार्रवाई में निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी थाना प्रभारी शिवरीनारायण, एएसआई रामप्रसाद बघेल, उप निरीक्षक के.पी. सिंह थाना प्रभारी बम्हनीडीह, एएसआई नीलमणि कुसुम, प्रधान आरक्षक मिलन राठौर, आरक्षक शैलेन्द्र राठौर और उमेश कश्यप का विशेष योगदान रहा। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शराब माफियाओं पर नकेल कसने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।