Bilaspur. बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में मां महामाया मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक मंडल की महामंत्री रेहाना बेगम ने कथित तौर पर दूसरे पक्ष के एक युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने काउंटर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर रोड निवासी तुषार पटेल प्रसाद की दुकान और होटल चलाते हैं। करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से कुछ सामान चोरी हो गया था। तुषार ने घटना की शिकायत पुलिस से की थी। शनिवार को महामाया मंदिर के गेट के पास तुषार को उनकी दुकान पर पहले काम करने वाला करिया उर्फ मनोज दिखाई दिया। तुषार को उस पर चोरी का संदेह था। उन्होंने मनोज के साथी मोन्टी धीवर से उसके बारे में पूछताछ की।
बताया जा रहा है कि मनोज वर्तमान में रेहाना बेगम की फूल दुकान में काम करता है। उसने अपने ऊपर चोरी का संदेह जताए जाने की जानकारी रेहाना को दी। शिकायत के अनुसार, इसके बाद मोन्टी धीवर ने फोन कर रेहाना को मौके पर बुलाया। दोपहर करीब ढाई बजे रेहाना वहां पहुंचीं, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। तुषार पटेल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि रेहाना बेगम, भागवत उर्फ रेहान, शेरू और मोन्टी ने उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। विवाद की जानकारी मिलने पर उनकी बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। मेघा भाजपा की मंडल सोशल मीडिया प्रभारी बताई जा रही हैं।
तुषार के अनुसार, मारपीट में उनके मुंह, पीठ, दाहिने हाथ की उंगली और पैर में चोट आई है। उन्होंने आरोपियों पर उनकी शर्ट फाड़ने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद उन्होंने रतनपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। दूसरी तरफ, भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक मंडल महामंत्री रेहाना बेगम ने भी पुलिस को शिकायत दी है। रेहाना ने बताया कि वह महामाया मंदिर परिसर में फूल बेचने का काम करती हैं। मोन्टी धीवर का फोन आने के बाद वह घटनास्थल पर पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां मौजूद राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद बाल पकड़कर मारपीट की गई।