डायल-112 सेवाओं को और प्रभावी बनाने दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

छग

Update: 2025-08-24 15:37 GMT
Ambikapur. अंबिकापुर। सरगुजा जिले में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डायल-112 (ERSS – Emergency Response Support System) के तहत दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर के सभाकक्ष में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई डायल-112 के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने की। इस दौरान सी-डेक रायपुर द्वारा विकसित नए PFT (Portable Field Terminal) सिस्टम उपकरण के संचालन और उपयोग की बारीकियां समझाई गईं। प्रशिक्षकों ने पुलिस कर्मचारियों और ERV चालकों को विस्तारपूर्वक बताया कि कैसे इन उपकरणों के माध्यम से सूचना प्राप्त कर न्यूनतम समय में घटनास्थल तक पहुंचा जा सकता है।

एएसपी ढिल्लो ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपातकालीन सेवाओं में रिस्पॉन्स टाइम कम करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को यह भी बताया कि आपात सूचना मिलने पर तुरंत उसकी सत्यता की जांच कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। प्रशिक्षण के पहले दिन आयोजित सत्र में कुल 37 पुलिसकर्मी एवं वाहन चालक शामिल हुए। इनमें जिले के 16 पुलिसकर्मी, डीसीसी डायल-112 से जुड़े 3 कर्मचारी तथा 18 ERV चालक शामिल रहे। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को PFT के माध्यम से सूचना प्राप्त करने, सूचना का त्वरित विश्लेषण करने और घटनास्थल पर समय पर पहुंचकर कार्यवाही सुनिश्चित करने के तरीके विस्तार से समझाए गए। इस अवसर पर डीसीसी डायल-112 सरगुजा के प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी, आरक्षक मोहन पवार और आरक्षक महेंद्र कुमार गोंड सहित डायल-112 से जुड़े अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सरगुजा जिले में आपातकालीन सेवाओं की गति और गुणवत्ता बढ़ाना, नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना और डायल-112 के "अगले चरण" के संचालन को और सशक्त बनाना है।
Tags:    

Similar News