कोरबा में चोरी और मारपीट के दो मामले, बांकीमोंगरा पुलिस ने की गिरफ्तारी
छग
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने चोरी और मारपीट के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई घुड़देवा क्षेत्र में रेलवे परियोजना का करीब 3 लाख रुपये कीमत का 300 मीटर कॉपर वायर चोरी करने के मामले में की गई। वहीं, दूसरी कार्रवाई SECL की सिंघाली खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के मामले में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रेलवे परियोजना का 300 मीटर कॉपर वायर चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी का पहला मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के घुड़देवा इलाके का है। यहां गेवरा से पेण्ड्रा रोड तक जाने वाली नई रेलवे लाइन परियोजना के अंतर्गत लगाए जा रहे ओएचई कॉपर कैटेनरी वायर की चोरी हुई थी। 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने रेलवे लाइन परियोजना के घुड़देवा क्षेत्र से करीब 300 मीटर कॉपर वायर पार कर दिया था। चोरी हुए तार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में 31 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का कॉपर वायर सिद्ध कबाड़ी को बेचा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सिद्ध कुमार बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सिद्ध कुमार बघेल ने बताया कि उसने गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटले से चोरी का सामान खरीदा था और बाद में उसे किरण कबाड़ी दुकान के आकाश साहू को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच में यह भी सामने आया कि गुलशन बर्मन रेलवे में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। पुलिस ने मामले में तीन पहिया बाइक भी जब्त की है।
SECL सिंघाली खदान में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट
दूसरा मामला SECL की सिंघाली खदान का है। यहां चोरी की नीयत से प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों मारखं यादव, जगतराम यादव, रमेश पटवा और घुमान दास के साथ सिंघाली खदान की वर्कशॉप में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे आरोपी सोना उर्फ वीरेंद्र, परमेश्वर, तखत और विजय कथित रूप से चोरी की नीयत से प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस आए। आरोपियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और पत्थरबाजी शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल की।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
SECL सिंघाली खदान में मारपीट के मामले में पुलिस ने वीरेंद्र कुमार पाटले उर्फ सोना को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों परमेश्वर, तखत और विजय की तलाश जारी है। रेलवे कॉपर वायर चोरी और SECL खदान में मारपीट की दोनों घटनाओं में बांकीमोंगरा पुलिस ने कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।