आज़ाद चौक में अवैध सट्टा कारोबार में चलने वाले दो सटोरिए गिरफ्तार

छग

Update: 2025-07-25 18:30 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस द्वारा जुए और सट्टे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना आजाद चौक पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है। प्रथम मामले में, दिनांक 24 जुलाई को थाना आजाद चौक पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सारथी चौक सुलभ के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से अवैध सट्टा लिख रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक युवक को सट्टा लिखते रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोटू नायक पिता दिलीप नायक उम्र 19 वर्ष निवासी नगर निगम कॉलोनी आमापारा थाना आजाद चौक के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और नगद राशि ₹1270 बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 206/2025 धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
वहीं, दूसरे मामले में मंगल बाजार सुलभ के पास अवैध रूप से सट्टा पट्टी लिखे जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रविन्द्र रगड़े उर्फ छोटू पिता स्वर्गीय सुरेन्द्र रगड़े उम्र 39 वर्ष निवासी आमापारा नगर निगम कॉलोनी थाना आजाद चौक को मौके से पकड़ा। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी पर लिखी पर्चियां, नगद राशि ₹6610 एवं एक डॉट पेन जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 207/2025 धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को दिनांक 25 जुलाई को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायपुर जिले में सट्टा-जुए जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। आम जनता से भी अपील की गई है कि इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शहर को अपराध मुक्त बनाया जा सके। इन कार्रवाइयों में थाना आजाद चौक की टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। 
Tags:    

Similar News