रायपुर में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-18 15:46 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, नगदी रकम, स्कूटी वाहन और मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना डीडी नगर क्षेत्र के डंगनिया स्थित शासकीय स्कूल के सामने पानी टंकी के पास दो व्यक्ति दोपहिया वाहन से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की तैयारी में खड़े हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्स गुरिया ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम तैयार कर मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर भेजी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों और उनके वाहन की घेराबंदी की। पूछताछ के दौरान दोनों युवकों ने अपना नाम तुषार यादव उर्फ सोनू और निलेश सोनी उर्फ छोटू बताया। पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्रोसन-10 बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपियों से प्रतिबंधित दवा रखने और बिक्री करने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी संतोषजनक जवाब देने के बजाय टीम को गुमराह करने का प्रयास करने लगे। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 444 नग नाइट्रोसन-10 टेबलेट बरामद की गई। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 1,680 रुपये नगद, घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी, एक आईफोन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख 80 हजार रुपये है। मामले में थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 439/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 22(ख) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार यादव उर्फ सोनू पिता फेकूराम यादव उम्र 24 वर्ष निवासी कृष्णा नगर डंगनिया, थाना डीडी नगर रायपुर और निलेश सोनी उर्फ छोटू पिता मनमोहन सोनी उम्र 26 वर्ष निवासी साथी चौक लाखेनगर, थाना आजाद चौक रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशीले पदार्थों की बिक्री और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर तंत्र को मजबूत करते हुए ऐसे लोगों पर नजर रखी जा रही है जो युवाओं को नशे की ओर धकेलने का काम कर रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों की बिक्री या अवैध गतिविधियों में शामिल दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना डीडी नगर पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित टेबलेट उन्हें कहां से मिली थी और इस अवैध कारोबार में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
Tags:    

Similar News