Raipur. रायपुर। थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर लगातार कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर की गई। मामले में अप.क्र. 40/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 27 जनवरी 2026 को नगर पालिका गार्डन के पीछे तिल्दा क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर की काले रंग की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। स्कूटी में रखी दो बोरियों में अवैध शराब होने की आशंका पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों युवक पुलिस पार्टी को देखकर स्कूटी और शराब छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत 60 पौवा देशी मसाला शराब और बिना नंबर की स्कूटी जब्त कर ली।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जांच तेज की तथा परिवहन विभाग से स्कूटी के रजिस्ट्रेशन संबंधी जानकारी प्राप्त की। जांच में स्कूटी का रजिस्टर्ड नंबर सीजी 04 क्यू.डी. 4895 सामने आया। वाहन के पंजीकृत स्वामी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने एक साथी के साथ भारी मात्रा में अवैध शराब परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम देवेन्द्र साहू (उम्र 19 वर्ष), निवासी मोहभट्ठा पारा नेवरा, जिला रायपुर तथा दुर्गेश देवदास (उम्र 24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 नेवरा, जिला रायपुर बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए “ऑपरेशन निश्चय” के तहत क्षेत्र में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। थाना तिल्दा नेवरा पुलिस का कहना है कि अवैध शराब परिवहन और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।