Kawardha. कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में कुकदूर-बजाग (मध्य प्रदेश) स्टेट हाईवे पर पोलमी के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर से पहले बाइक चालक ने अचानक सड़क किनारे छलांग लगा दी, जिससे वह ट्रक की सीधी चपेट में आने से बच गया। हादसे में बाइक सवार राजेंद्र और प्रशांत घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक से सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहा ट्रक अचानक
अनियंत्रित होकर
उनकी ओर बढ़ गया। स्थिति को भांपते हुए बाइक चालक ने बिना समय गंवाए सड़क किनारे छलांग लगा दी। इसके कुछ ही क्षण बाद ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और उसके परखचे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

बाइक को टक्कर के बाद ट्रक भी पलटा
बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्रक क्रमांक UP 70 KT 0505 भी अनियंत्रित हो गया। बताया गया कि चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने के लिए अचानक ब्रेक लगाया। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे जाकर पलट गया। हादसे में ट्रक चालक और हेल्पर भी बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना मिलने पर कुकदूर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों और वाहन की स्थिति की भी जांच की जा रही है।

दो साल पुराना चालान भी लंबित
जानकारी के अनुसार, इसी ट्रक के खिलाफ करीब दो साल पहले बिना परमिट परिवहन से संबंधित मामले में 5 हजार रुपये का चालान किया गया था। बताया जा रहा है कि यह चालान अब तक लंबित है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा वाहन के दस्तावेजों तथा पूर्व रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। बाइक सवार दोनों युवकों के घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस की जांच के बाद दुर्घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Tags: