ऑपरेशन बाज के तहत त्रिनयन ऐप’ ने खोली चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी पहुंचे जेल
छग
Lormi लोरमी: लोरमी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की तीन वारदातों का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, लोरमी के डोंगरीपारा निवासी विक्की साहू और इरफान बेग के घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें चोरी हो गई थीं। इसी दौरान बाजारपारा स्थित एक किराना दुकान में भी अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। एक के बाद एक सामने आई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
‘त्रिनयन ऐप’ से संदिग्धों तक पहुंची पुलिस
एएसपी डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने में छत्तीसगढ़ पुलिस के विशेष ‘त्रिनयन ऐप’ की भी मदद ली गई। जांच के दौरान पुलिस की नजर कबाड़ का सामान बेचने वाले संदिग्ध युवक मोहम्मद रफीक की गतिविधियों पर पड़ी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में रफीक ने अपने साथी धनीराम मार्को के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाई और उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया।
सीसीटीवी से किराना दुकान के चोर की पहचान
बाजारपारा स्थित किराना दुकान में हुई चोरी की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज के आधार पर अमर देवार को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने अमर देवार की निशानदेही पर चोरी से संबंधित अन्य सामान बरामद किया।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पुलिस ने चोरी की तीनों वारदातों का खुलासा करते हुए मोहम्मद रफीक, धनीराम मार्को और अमर देवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल से पुलिस ने कम समय में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।