Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में कोयले से भरी 18 चक्कों वाली ट्रेलर चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नेशनल हाईवे पर सरगांव-पथरिया मोड़ के पास से चोरी हुई ट्रेलर को पुलिस ने महज 7 घंटे के भीतर बरामद कर लिया। मामले में 24 वर्षीय आरोपी भगतराम राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। ट्रेलर में 38.650 टन कोयला लोड था। पुलिस ने ट्रेलर और कोयले सहित कुल 42 लाख 43 हजार 495 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर 16 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

चाय पीने गया ड्राइवर, गायब हो गई ट्रेलर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामखिलावन कुर्मी (48 वर्ष), निवासी सुकलाखार वार्ड नंबर-10, बाकीमोंगरा जिला कोरबा पिछले छह महीने से विनय राठौर निवासी हरदीबाजार की ट्रेलर चला रहा था। 15 नवंबर 2026 को वह ट्रेलर क्रमांक CG 22 AJ 8016 में गेवरा खदान से कोयला लोड कर रायपुर स्थित वंदना प्लांट के लिए निकला था। ट्रेलर में 38.650 टन कोयला भरा हुआ था। सुबह करीब 6 बजे जब वह सरगांव-पथरिया मोड़ के पास पहुंचा तो वाहन सड़क किनारे खड़ा कर चाय पीने के लिए एक ठेले पर चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसने देखा कि कोयले से भरी ट्रेलर वहां मौजूद नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चला। इसके बाद चालक ने थाना सरगांव पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।

GPS लोकेशन से मिला चोरी की ट्रेलर का सुराग
ट्रेलर चोरी की शिकायत पर थाना सरगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल वाहन की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने ट्रेलर में लगे जीपीएस सिस्टम की लोकेशन खंगाली। जीपीएस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मदकू क्षेत्र में घेराबंदी की। तलाश करते हुए पुलिस मदकूद्वीप चौक के पास पहुंची, जहां चोरी हुई ट्रेलर दिखाई दी। पुलिस ने तत्काल वाहन को रोककर अपने कब्जे में ले लिया।

24 वर्षीय भगतराम राजपूत गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन में मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम भगतराम राजपूत (24 वर्ष), पिता रामगोपाल राजपूत, निवासी लमती थाना सरगांव जिला मुंगेली बताया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाना सरगांव लाई और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सरगांव-पथरिया मोड़ से ट्रेलर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसके कब्जे से चोरी की गई ट्रेलर और उसमें लोड कोयले को बरामद कर जब्त कर लिया।

42.43 लाख रुपये की संपत्ति बरामद
पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति में ट्रेलर की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये और उसमें लोड कोयले की कीमत 2 लाख 43 हजार 495 रुपये है। इस तरह कुल 42 लाख 43 हजार 495 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। आरोपी भगतराम राजपूत को 16 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की है।

एसपी के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक पथरिया हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नवनीत नावेलकर, सहायक उप निरीक्षक निर्मल घोष, प्रधान आरक्षक ज्वाला प्रसाद हिंडोरे, भागबली जांगड़े तथा आरक्षक पंकज निर्णेजक, अजय रावत, रिपीन बनर्जी, ओमप्रकाश कुर्रे और भंवर लाल ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags: