रायपुर: राजधानी रायपुर में रक्षाबंधन के दिन खारुन नदी में डूबे युवक का शव करीब 30 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। युवक अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए महादेव घाट पहुंचा था। इस दौरान वह नदी में डूब गया था। घटना के बाद से SDRF की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी।
मृतक की पहचान युधिष्ठिर सारंग के रूप में हुई है। रक्षाबंधन के दिन युवक परिवार के साथ बहन की अस्थियां लेकर खारुन नदी पहुंचा था। अस्थि विसर्जन के दौरान वह भंवर में फंसकर एनिकट के पास डूब गया था। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के महादेव घाट की है।
युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। टीम ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब 30 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में मातम छा गया। बहन की अस्थियों का विसर्जन करने पहुंचे परिवार के लिए यह हादसा बेहद दर्दनाक रहा। जिस दिन परिवार बहन को अंतिम विदाई देने नदी पहुंचा था, उसी दिन भाई की भी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी में उतरते समय सावधानी बरतने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है।
Tags: