Balodabazar. बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा में मुर्गी फार्म के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी (RHO) चंद्र किरण चंद्राकर (47 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे स्वास्थ्य अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार, पलारी निवासी चंद्र किरण चंद्राकर लक्ष्मणपुर अस्पताल में ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। सोमवार को अस्पताल में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। शाम करीब 5 बजे जब वह बिनोरी-कोसमंदा मार्ग पर ग्राम कोसमंदा स्थित मुर्गी फार्म के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बच सकी जान
बताया जा रहा है कि हादसे के समय चंद्र किरण चंद्राकर ने हेलमेट पहन रखा था। इसके बावजूद टक्कर में उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारी की इस हादसे में मौत होने से उनके परिचितों और स्थानीय लोगों में शोक है।
दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर घायल
हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार खुमन चतुर्वेदी और बुधारु सोनवानी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के गबोद निवासी होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया है कि दोनों युवक बिनोरी से मुड़ियाडीह गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक के साथ उनकी टक्कर हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की मदद से दोनों घायलों को पलारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
पलारी थाना प्रभारी रागनी राय ने बताया कि दुर्घटना में मृत स्वास्थ्य अधिकारी का शव अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। सोमवार शाम होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर का कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है।
बिनोरी-कोसमंदा मार्ग पर तीसरी जानलेवा दुर्घटना
स्थानीय जानकारी के अनुसार, बिनोरी-कोसमंदा मार्ग पर यह तीसरा ऐसा सड़क हादसा है, जिसमें किसी की जान गई है। इससे पहले इसी मार्ग पर हुए अलग-अलग हादसों में एक शिक्षिका और एक शिक्षक की मौत होने की जानकारी सामने आई है। अब ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी की मौत ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच इस मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल पुलिस ताजा दुर्घटना की जांच कर रही है।
Tags: