कोरबा/अभनपुर: प्रदेश में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो नाबालिग और एक अधेड़ की मौत हो गई. पहली घटना कोरबा तो दूसरी घटना अभनपुर की है. मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी है.
पहली घटना कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम लिटियाखार की है, जहां तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे बाइक में सवार दो नाबालिगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान करण चौहान (16) पिता बृजलाल और राजा नेटी (14) पिता कैलाश के रूप में हुई है. दोनों तिवरता से लिटियाखार लौट रहे थे.
मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई. सिर पर गंभीर चोट लगने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. सूचना पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक को जब्त किया. देर रात होने से शवों को मर्च्युरी में रखा गया, शनिवार सुबह पीएम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा.
दूसरी घटना अभनपुर के मानिकचौरी रेलवे क्रॉसिंग के पास राजिम-रायपुर मुख्य मार्ग पर रात करीब 12 बजे हुई, जिसमें अज्ञात वाहन की ठोकर से 48 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान नायकबांधा अभनपुर निवासी देवाराम साहू (48) के रूप में की गई है. अभनपुर पुलिस ने घटना में अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.