गणेश झांकी को लेकर रायपुर में बदलेगा ट्रैफिक, पुलिस ने जारी किया रूटमैप
शाम 6 बजे से ये रास्ते रहेंगे बंद
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में 28 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले गणेश झांकी चल समारोह को लेकर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्सन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है। झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से जरूरी काम होने पर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। गणेश झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी। झांकी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे मार्ग पर शाम 6 बजे से वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
इन वैकल्पिक मार्गों से जा सकेंगे वाहन
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन टाटीबंध से महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक और फाफाडीह चौक होते हुए शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 और पचपेड़ी नाका मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकेगा। भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे। फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर भी आवागमन किया जा सकेगा। तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन या कालीबाड़ी होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे। पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहन पचपेड़ी नाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक और फाफाडीह चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे।
इन मार्गों पर रहेगा यातायात प्रतिबंधित
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा से शारदा चौक और जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा से जयस्तंभ चौक, फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली और बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर भी यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं के लिए यहां रहेगी पार्किंग
पंडरी की ओर से आने वाले श्रद्धालु मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकेंगे। सिविल लाइन की ओर से आने वाले लोगों के लिए शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से आने वाले श्रद्धालु सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे। गुढ़ियारी और समता कॉलोनी की ओर से आने वालों के लिए भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग निर्धारित की गई है। सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वाले श्रद्धालु लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।