Balrampur. बलरामपुर। जिले के हाई स्कूल मैदान में आज शैक्षणिक सत्र 2025-26 के जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के कृषिमंत्री राम विचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मंच से वक्ताओं ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा की महत्ता, संस्कार और राष्ट्रीय निर्माण में बालकों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस, पुस्तकें, कॉपियाँ, स्कूल बैग और साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके मनोबल को नई ऊर्जा मिली। मंच से यह संदेश भी दिया गया कि समाज के नन्हें बालक ही भविष्य के सशक्त राष्ट्रनिर्माता हैं और उनकी शिक्षा एवं विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव एवं बलरामपुर नगर पालिका अध्यक्ष लोधी एक्का भी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान बालकों में उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय जिम्मेदारी है, जिसे हर वर्ग तक पहुँचाना राज्य का उद्देश्य है।