तोरवा पुलिस की सख्त कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटर और चाकूबाजों को थाने तलब कर दी चेतावनी

छग

Update: 2026-06-02 18:25 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तोरवा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों, निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। इसी कड़ी में मंगलवार को थाना तोरवा पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल से छूटे छह चाकूबाजों और आदतन अपराधियों को थाने तलब कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों का सत्यापन किया तथा उनकी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।

पुलिस ने जिन व्यक्तियों को थाने बुलाया उनमें रिजवान खान, आदित्य कलसहा, उमेश श्रीवास, सोनू खान, शाहरुख खान और करन बनर्जी शामिल हैं। इन सभी को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग करने, धारदार हथियार रखने, लोगों में भय का माहौल बनाने या किसी भी अपराध में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि आदतन अपराधियों की हर गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

तोरवा पुलिस द्वारा लगातार क्षेत्र में अड्डाबाजी, असामाजिक गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए नियमित चेकिंग, सत्यापन और छापामार कार्रवाई की जा रही है, ताकि ऐसे तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है और अपराधियों के बीच सख्त संदेश गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
Tags:    

Similar News