ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा पुलिस की कार्रवाई अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
छग
Raipur. रायपुर। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 48 पौवा देशी शराब, बाइक और बिक्री रकम समेत कुल 45 हजार 550 रुपये का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रायपुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर ताज ढाबा के पास ग्राम बेमता में अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
थाना तिल्दा-नेवरा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बेमता स्थित ताज ढाबा के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सुनील कुमार देवांगन पिता रोशन लाल देवांगन (45 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 13 कंकाली पारा सिमगा, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई।
48 पौवा शराब और बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 48 पौवा शोले मसाला देशी मदिरा बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 4 हजार 800 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 X 8177 भी जब्त की गई। बाइक की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 750 रुपये नगद बिक्री रकम भी बरामद की। इस तरह पुलिस ने कुल 45 हजार 550 रुपये का सामान जब्त किया है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
ऑपरेशन निश्चय के तहत लगातार कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंचल तिवारी तथा विधानसभा एसडीओपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक पीआर साहू, प्रधान आरक्षक 1031 जालम सिंह साहू और पेट्रोलिंग स्टाफ आरक्षक बलराम निराला शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।