टिकरापारा पुलिस ने चाकू के साथ बदमाश को किया गिरफ्तार

छग

Update: 2026-04-26 13:18 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल 2026 को टिकरापारा थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि संतोषी नगर क्षेत्र के शिव मंदिर के पास गली में एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने का काम कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर पेट्रोलिंग टीम को मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने गवाहों लोकेश साहू और ईश्वर साहू को साथ लेकर मौके पर पहुंचकर आरोपी की पहचान और गतिविधियों की पुष्टि की। मौके पर एक व्यक्ति चाकू लहराते हुए लोगों को डराता हुआ पाया गया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुमन सोनी, उम्र 38 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पीछे संतोषी नगर, थाना टिकरापारा रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसमें काले रंग का प्लास्टिक का मूठ लगा हुआ था। चाकू की कुल लंबाई लगभग 11 इंच, फल की लंबाई 6 इंच, चौड़ाई 2.2 इंच तथा मूठ की लंबाई 4 इंच पाई गई। जब्त किए गए चाकू की कीमत लगभग 200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर धारा 179 बीएनएसएस के तहत गवाहों को नोटिस जारी कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की।

आरोपी के खिलाफ विधिवत कार्रवाई की। इसके बाद धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस देकर चाकू रखने के संबंध में पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया और मौके पर ही धारदार हथियार को जब्त कर सील किया गया। इसके बाद देहाती नालसी तैयार कर थाना स्तर पर अपराध पंजीबद्ध किया गया और उसे विवेचना में लिया गया। कार्यवाही के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस और गवाहों के साथ आक्रोशपूर्ण व्यवहार करने और धमकी देने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 25 अप्रैल 2026 को शाम 16:40 बजे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना आरोपी के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी आपराधिक गतिविधि में पहले से शामिल रहा है या नहीं। मामले में आगे की विवेचना जारी है और आसपास के क्षेत्र में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
Tags:    

Similar News