सीतानदी टाइगर रिजर्व में बाघ शिकार की साजिश नाकाम, 7 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़

Update: 2026-05-13 16:45 GMT
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: Udanti Sitanadi Tiger Reserve में बाघ के शिकार की साजिश रचने वाले 7 आरोपियों को वन विभाग की एंटी पोचिंग टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हिरण का सींग, जहर की बोतल, जहर से मरी मछलियां और केकड़े सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। मामले में कुछ अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के कुछ लोग टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ का शिकार करने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी और विशेष अभियान शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान 9 मई को आरोपी रमन हेरना (76) निवासी खिपरीमाल, थाना सिनापाली, जिला नुआपाड़ा को हिरासत में लिया गया। उसके पास से हिरण का सींग बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने ग्राम कोसमखुंटा निवासी एक व्यक्ति को बाघ की खाल उपलब्ध कराने का ठेका दिया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी बाघ को जहर देकर और तीर-कमान से मारने की योजना बना रहे थे। इसके बाद 10 मई को वन विभाग ने एक अन्य संदिग्ध से पूछताछ की। इसी दौरान ग्राम कटफाड़ के 6 लोगों को टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर रानीबरझोला नाला में जहर मिलाकर शिकार करने की कोशिश करते पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बुधराम पहरिया, अनंतराम, मनलाल, मधुराम दिगसन पहरिया और धनु चिड़ा शामिल हैं। सभी आरोपियों को राजिम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वन विभाग ने टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी करते हुए ड्रोन और गश्त के जरिए निगरानी बढ़ा दी है।
Tags:    

Similar News