Raipur. रायपुर। अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस ग्रामीण की टीम द्वारा थाना माना क्षेत्र के माना बस्ती पंचायत में सेवा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को बढ़ते अपराधों, उनसे बचाव के उपायों और पुलिस के साथ सहयोग करने की अपील की। पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे चाकू जमा अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपराध के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी देना और सुरक्षा के प्रति सजग बनाना है।
जनप्रतिनिधियों को दी गई अपराध रोकथाम की जानकारी
कार्यक्रम में थाना क्षेत्र के माना बस्ती के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने उन्हें वर्तमान समय में बढ़ रहे अपराधों और उनसे बचने के व्यवहारिक तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध रोकने के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सतर्कता और सहयोग भी जरूरी है। लोगों को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
वार्ड स्तर पर बैठक आयोजित करने की अपील
पुलिस ने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत के वार्ड स्तर पर बैठक आयोजित करें और उसमें पुलिस की सहभागिता सुनिश्चित करें। इन बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों, युवाओं और आम लोगों को अपराधों से बचाव, कानून व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जाएगी।
चाकू और हथियार जमा करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने बताया कि कई बार युवा वर्ग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे अमेजॉन, फ्लिपकार्ट या अन्य माध्यमों से बटनदार चाकू, चाकू-छुरी और अन्य हथियार खरीद लेते हैं या पुराने हथियार अपने पास रखते हैं। ऐसे हथियार अपराध की स्थिति को बढ़ावा दे सकते हैं। इसलिए पुलिस ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के पास किसी भी कारण से इस प्रकार के हथियार मौजूद हैं तो उन्हें स्वेच्छा से जमा कराया जाए। पुलिस ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम और समाज को सुरक्षित बनाना है।
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
कार्यक्रम में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस का सहयोग करने का आश्वासन दिया। रायपुर पुलिस ग्रामीण की ओर से बताया गया कि आम जनता के साथ संवाद बढ़ाकर अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
Tags: