Bhilai. भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र में तीन नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म का आरोप एक 59 वर्षीय दुकानदार पर लगा है। पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चियों को चॉकलेट और नड्डा देने का लालच देकर अपनी दुकान में बुलाता था और वहां उनके साथ गलत हरकत करता था। मामले की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
जानकारी के अनुसार तीनों बच्चियों के परिजनों ने सोमवार रात छावनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित बच्चियों के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक तीनों बच्चियों की उम्र करीब 8 से 9 साल के बीच बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया है और उनके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

चॉकलेट और नड्डा देने का देता था लालच
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नड्डा-मुरकू और अन्य खाने-पीने की सामग्री की दुकान चलाता है। आरोप है कि वह आसपास रहने वाले बच्चों को चॉकलेट और नड्डा देने का लालच देकर अपने पास बुलाता था। पुलिस को शिकायत मिली है कि आरोपी ने इसी बहाने तीनों बच्चियों को अपनी दुकान में बुलाया और उनके साथ अनैतिक कृत्य किया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कितनी बार बच्चियों को अपने पास बुलाया और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर जांच
छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार पैकरा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उनके बयान लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट, बच्चियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
इस घटना के बाद क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की घटना को अंजाम देने की हिम्मत न कर सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पीड़ित बच्चों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता के साथ जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी जेल भेजा जा चुका है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
Tags: