Bhilai. भिलाई। जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक आयोजित सीहोर वाले पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा में उमड़ी भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने आसपास पार्क किए गए दोपहिया वाहनों को निशाना बनाया। सात दिनों के दौरान वाहन चोरी की सात शिकायतें पुलिस तक पहुंची हैं। चोरी हुए वाहनों में पांच बाइक और दो स्कूटी शामिल हैं। सभी वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख 38 हजार रुपये बताई जा रही है। लगातार वाहन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब कथा स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन सभी वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग चोरों ने घटनाओं को अंजाम दिया।
कथा सुनने गए दंपती की बाइक चोरी
20 अगस्त को टी. चंदु राव अपनी पत्नी के साथ शिव महापुराण कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे अपनी होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी की और पंडाल में चले गए। कथा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस पार्किंग में पहुंचे तो बाइक वहां नहीं थी। काफी तलाश करने के बाद भी वाहन का पता नहीं चला। चोरी हुई बाइक की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
एक ही दिन दो बाइक हुईं चोरी
22 अगस्त को भी वाहन चोरी की दो घटनाएं सामने आईं। शंकर लाल साहू अपनी हीरो पैशन प्रो बाइक से कथा स्थल पहुंचे थे। उन्होंने दोपहर करीब 1 बजे बाइक एसपीए रोड के किनारे खड़ी की और कथा सुनने चले गए। शाम करीब 5 बजे वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। इसी दिन दर्शन लाल फुल्लारे की हीरो पैशन प्रो बाइक भी चोरी हो गई। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे बाइक खड़ी की थी। शाम करीब 5 बजे लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। इस वाहन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
महज 15 मिनट में स्कूटी चोरी
देव कुमार साहू की होंडा डियो स्कूटी भी चोरों ने निशाना बनाया। वह रात करीब 9 बजे स्कूटी से कथा स्थल पहुंचे और उसे खड़ा कर पंडाल में चले गए। करीब 15 मिनट बाद वापस लौटे तो स्कूटी गायब थी। स्कूटी की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। एक अन्य मामले में आशीष चंदेल पिता के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस बाइक से कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे हैलीपैड के पास बाइक खड़ी की थी। शाम करीब 4 बजे वापस आने पर बाइक वहां नहीं मिली। इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
मां के साथ कथा सुनने आई युवती की एक्टिवा चोरी
20 अगस्त को ज्योति साहू अपनी मां के साथ एक्टिवा से शिव महापुराण कथा सुनने आई थीं। उन्होंने गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी की और पंडाल में चली गईं। अगले दिन शाम करीब 5 बजे वापस लौटने पर स्कूटी गायब मिली। स्कूटी की डिक्की में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। इसके अलावा चुम्मन लाल देवांगन भी साले के नाम दर्ज स्प्लेंडर प्लस बाइक से कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने रात करीब 7:30 बजे बाइक हैलीपैड के पास खड़ी की और करीब 10:30 बजे वापस लौटे। इस दौरान बाइक गायब मिली। वाहन की कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।
CCTV फुटेज से चोरों की तलाश
कथा स्थल के आसपास लगातार वाहन चोरी की शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने सभी मामलों को जांच में लिया है। पुलिस टीम अब स्टेडियम, पार्किंग क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सातों घटनाओं में किसी एक संगठित वाहन चोर गिरोह की भूमिका है या अलग-अलग आरोपियों ने वारदात की। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में लगातार दोपहिया वाहन चोरी होने से आयोजन स्थल की सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद चोरी की घटनाओं से जुड़े आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।