Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में होटल में ग्राहक बनकर पहुंचे एक युवक द्वारा होटल मैनेजर की स्कूटी चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पंजाब से आया व्यापारी बताया और होटल मैनेजर को शराब पिलाने का झांसा दिया। इसके बाद वह मैनेजर को स्कूटी पर बैठाकर शराब भट्टी तक ले गया। मैनेजर के शराब लेने के लिए बाहर जाते ही आरोपी स्कूटी लेकर फरार हो गया। मामले में गंज थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला रायपुर के बरखा होटल से जुड़ा है। होटल मैनेजर प्रिंस सोनकर ने पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, एक युवक होटल में ग्राहक बनकर आया था। उसने खुद को पंजाब का व्यापारी बताया और होटल में कुछ समय बिताने के दौरान मैनेजर से बातचीत की। आरोप है कि युवक ने मैनेजर को शराब पीने के लिए साथ चलने का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर मैनेजर उसके साथ जाने के लिए तैयार हो गया। आरोपी मैनेजर की स्कूटी पर ही उसे लेकर शराब भट्टी पहुंचा। वहां आरोपी ने ATM से कथित तौर पर 1 हजार रुपए निकाले और मैनेजर को दे दिए।
इसके बाद मैनेजर शराब लेने के लिए शराब भट्टी के बाहर चला गया। इसी दौरान आरोपी युवक मौका पाकर स्कूटी लेकर वहां से फरार हो गया। जब मैनेजर वापस लौटा तो वहां न तो युवक मिला और न ही उसकी स्कूटी। कुछ देर तलाश करने के बाद उसे समझ आया कि युवक उसे झांसा देकर स्कूटी चोरी कर ले गया है। घटना के बाद होटल मैनेजर प्रिंस सोनकर ने गंज थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जशनदीप सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब के अमृतसर का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी होटल में व्यापारी बनकर पहुंचा था। पुलिस अब होटल में लगे CCTV कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहा है या नहीं। साथ ही उसके रायपुर आने और होटल में पहुंचने से लेकर स्कूटी लेकर फरार होने तक की पूरी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। होटल में ग्राहक बनकर मैनेजर का विश्वास हासिल करना और फिर शराब पिलाने के बहाने उसे अपने साथ ले जाकर वाहन लेकर फरार हो जाना इस वारदात का अहम पहलू माना जा रहा है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।